Share this News..
Bilaspur Express न्यूज़, न्यायधानी बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवकीनंदन दीक्षित मुक्तिधाम के पास स्थित अटल आवास में रविवार देर रात एक भीषण हादसा होते-होते टल गया। आवास परिसर के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग लगने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस आगजनी में नीचे खड़ी 5 से अधिक मोटरसाइकिलें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं.
ग्राउंड फ्लोर पर आग लगने से मची अफरा-तफरी, 5 से 6 बाइकें जलकर खाक
दशहत में कुछ लोगों ने ऊपर की मंजिलों से लगाई छलांग, एक के घायल होने की सूचना
स्थानीय लोगों की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की मुस्तैदी से टला बड़ा हादसा
जहरीले धुएं के कारण घरों में फंसे लोग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार की देर रात जब लोग गहरी नींद में थे, तभी अटल आवास के भूतल (Ground Floor) पर आग भड़क उठी। आग की विकराल लपटों और उससे निकले काले व जहरीरे धुएं ने पूरी बिल्डिंग को अपने आगोश में ले लिया। धुएं के कारण मुख्य सीढ़ी और रास्ता बंद हो गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रह रहे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों सहित दर्जनों परिवार अपने ही घरों में फंस गए।
दशहत में लगाई छलांग, स्थानीय लोगों ने बचाई जान
दम घुटने की स्थिति और जान का खतरा देख कुछ महिलाओं और बच्चों ने दहशत में पहली व दूसरी मंजिल से नीचे छलांग लगा दी, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है।
इस आपात स्थिति में स्थानीय रहवासियों ने अनुकरणीय साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। मुख्य मार्ग बंद होने के कारण स्थानीय लोगों ने तुरंत रस्सी और कपड़ों के सहारे ऊपरी मंजिलों और छतों पर फंसे लोगों को सुरक्षित नीचे उतारने का साहसी अभियान शुरू किया।
प्रशासन और दमकल की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया।
प्रशासन और स्थानीय नागरिकों के संयुक्त प्रयासों से 75 से अधिक लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।
