न्यायधानी में बड़े बदलाव की तैयारी: मुन्नू लाल स्कूल परिसर में शिफ्ट होगा बृहस्पति बाजार… Bilaspur Express न्यूज़

Share this News..

Bilaspur Express न्यूज़, बिलासपुर के प्रसिद्ध और ऐतिहासिक बृहस्पति बाजार को शिफ्ट करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। पुरानी जगह पर आधुनिक मल्टी-स्टोरी (मल्टीलेवल) मार्केट का निर्माण किया जाएगा। इस दौरान व्यापारियों का कारोबार प्रभावित न हो, इसके लिए मुन्नू लाल स्कूल परिसर में अस्थाई बाजार तैयार किया जा रहा है।

मुन्नू लाल स्कूल परिसर में दी जा रही हैं बुनियादी सुविधाएं

मुन्नू लाल स्कूल परिसर में अस्थाई दुकानें, शेड और चबूतरों का निर्माण कार्य तेजी से जारी है। बारिश और धूप से बचाव के इंतजामों के साथ-साथ परिसर में बिजली, पानी और साफ-सफाई की प्राथमिकता से व्यवस्था की जा रही है। निर्माण कार्य पूरा होते ही सभी पंजीकृत दुकानदारों और सब्जी विक्रेताओं को चरणबद्ध तरीके से इस अस्थाई परिसर में शिफ्ट किया जाएगा।


यह भी पढ़ें: रायपुर प्रेस क्लब परिसर में फायरिंग: सदस्यता न मिलने से नाराज युवक ने चलाई गोली… Bilaspur Express न्यूज़


पुरानी जगह पर बनेगा हाइटेक मल्टीलेवल मार्केट

दुकानदारों के शिफ्ट होने के तुरंत बाद पुराने बृहस्पति बाजार को तोड़कर वहां अत्याधुनिक मल्टी-स्टोरी सब्जी-फलऔर व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण युद्धस्तर पर शुरू होगा। इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य शहर में बेहतर ट्रैफिक प्रबंधन और ग्राहकों को एक ही छत के नीचे आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

शहर का सबसे बड़ा और व्यस्ततम केंद्र है बृहस्पति बाजार

मालूम हो कि बृहस्पति बाजार बिलासपुर का सबसे पुराना, सबसे बड़ा और प्रमुख चिल्हर सब्जी बाजार है। यहां रोजाना शहर के कोने-कोने से हजारों की संख्या में ग्राहक सब्जियां, फल और रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदने पहुंचते हैं। इसके अलावा आसपास के ग्रामीण इलाकों के किसान भी अपनी उपज बेचने यहीं आते हैं।

बाजार के अत्यधिक संकरा हो जाने और बुनियादी सुविधाओं के अभाव के कारण यहां लगातार भीड़भाड़ और यातायात बाधित होने की समस्या बनी रहती थी। अब इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के आकार लेने से न केवल शहर का ट्रैफिक सुधरेगा, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों को भी एक नया और आधुनिक कलेवर मिलेगा।