रायपुर प्रेस क्लब परिसर में फायरिंग: सदस्यता न मिलने से नाराज युवक ने चलाई गोली… Bilaspur Express न्यूज़

Share this News..

Bilaspur Express न्यूज़,  रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मोतीबाग स्थित रायपुर प्रेस क्लब परिसर में हवाई फायरिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेस क्लब की सदस्यता न मिलने से नाराज एक युवक ने परिसर में जमकर हंगामा किया और पिस्टल निकालकर हवाई फायर कर दिया। घटना के बाद प्रेस क्लब अध्यक्ष की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

 

विवाद और फायरिंग का पूरा मामला

मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार (24 अक्टूबर) शाम करीब 5:30 बजे की है। आरोपी युवक पलाश तिवारी प्रेस क्लब की सदस्यता चाहता था और उसकी अर्जी विचाराधीन सूची में थी। सदस्यता न मिलने से नाराज होकर पलाश प्रेस क्लब पहुंचा और वहां मौजूद पदाधिकारियों से बहस करने लगा।

बातचीत के दौरान विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने बदसलूकी करते हुए पदाधिकारियों पर पिस्टल तान दी। इसके बाद उसने दहशत फैलाने की नीयत से हवा में गोली चला दी


यह भी पढ़ें : टाइगर मिर्ज़ामिर केसरी: राजस्थान के कोटा से तारा गिरफ़्तार, बिहार-हरियाणा से जुड़े हैं तार; जानिए पूरी स्टोरी का खुलासा


पुलिस की कार्रवाई और धाराओं में केस दर्ज

घटना की जानकारी मिलने के बाद रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी और पदाधिकारियों ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

प्रेस क्लब की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने त्वरित कदम उठाया और देर रात आरोपी पलाश तिवारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ निम्नलिखित कानूनी प्रावधानों के तहत केस दर्ज किया है:

  • भारतीय न्याय संहिता (BNS): धारा 125 और 351(2)

  • आयुध अधिनियम (Arms Act): धारा 25 और धारा 27

अवैध हथियार और आरोपी की पृष्ठभूमि

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पिस्टल उत्तर प्रदेश से लाने की बात कही है, हालांकि वह बार-बार बयान बदल रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पलाश तिवारी पहले भी आजाद चौक थाने के एक पॉक्सो (POCSO) मामले में जेल जा चुका है।