Share this News..
Bilaspur Express न्यूज़ ,बिलासपुर शहर को भले ही स्मार्ट सिटी का दर्जा मिल गया हो, लेकिन जमीनी स्तर पर मूलभूत सुविधाओं की स्थिति अब भी सवालों के घेरे में है। खासकर आपातकालीन हालात में राहत कार्यों की धीमी गति से आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इसी कड़ी में शहर की विद्युत व्यवस्था की लचर हालत एक बार फिर सामने आई है। गर्मी के इस मौसम में जहां बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, वहीं सिंधी कॉलोनी स्थित एमसी टावर्स के रहवासियों को पूरी रात बिना बिजली के बितानी पड़ी।
मंगलवार रात करीब 9 बजे अचानक बिजली का दबाव बढ़ने से टावर्स में लगे केबल और मीटर बोर्ड में शॉर्ट सर्किट हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि वहां से आग की लपटें और धमाके जैसी आवाजें आने लगीं। इससे घबराकर सभी रहवासी अपने घरों से बाहर निकलकर टावर्स के नीचे खुले स्थान पर एकत्र हो गए।
घटना की सूचना तुरंत विद्युत विभाग के अधिकारी को दी गई। उन्होंने सुधार टीम के अन्य जगह व्यस्त होने का हवाला देते हुए जल्द पहुंचने का आश्वासन दिया, लेकिन पूरी रात बीत जाने के बावजूद कोई टीम मौके पर नहीं पहुंची।
आखिरकार, परेशान रहवासियों ने सुबह अमेरी रोड स्थित बिजली कार्यालय पहुंचकर विरोध जताया, जिसके बाद सुबह करीब 7 बजे सुधार टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। जांच में सामने आया कि शॉर्ट सर्किट के कारण केबल और मीटर बोर्ड पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
समाचार लिखे जाने तक मरम्मत कार्य जारी है। लेकिन अभी तक कुछ सुधार नहीं कर पाया।इस घटना ने एक बार फिर शहर की विद्युत व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
